हमीरपुर : जिले में रविवार को नवरात्रि पर्व के आठवें दिन नौ रूपों में महागौरी आठवीं शक्ति स्वरूपा का देवी भक्तों ने दर्शन पूजन कर आशीर्वाद मांगा। इस स्वरूप के दर्शन व पूजन के लिये यहां प्राचीन मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है। मंदिर प्रांगण में महिलाओं ने कन्याओं को खीर पूड़ी खिलाकर महागौरी की पूजा सम्पन्न की। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुये सुरक्षा के लिहाज से पुलिस बल की तैनाती की गयी है। पुलिस मंदिर आने जाने वालों पर पैनी नजर रख रही है। नगर के एतिहासिक चौरादेवी मंदिर, कालका देवी, भद्रकाली मां मंदिर, गौरादेवी मंदिर, दुर्गा मंदिर, बड़ी देवी मंदिर समेत एक दर्जन से अधिक मंदिरों में सुबह से महागौरी की पूजा अर्चना का दौर जारी है। इन देवी मंदिरों में खबर लिखे जाने तक आठ हजार से अधिक श्रद्धालु महागौरी की पूजा अर्चना कर चुके हैं।
चौरादेवी मंदिर में अष्टमी पर्व पर मेला लगा है जहां पूजा अर्चना के बाद महिलायें दुकानों से खरीददारी कर रही हैं। मेला परिसर माता के जयकारा से गूंज रहा है। यहां मंदिर के अंदर और बाहर पीली मक्खियों ने डेरा जमाया है। पूजा अर्चना के दौरान मंदिर में मक्खी ने कुछ महिलाओं को काट लिया, जिससे अफरातफरी मच गयी। हालांकि दर्द के बावजूद महिलाओं ने पूजा अर्चना जारी रखी। नगर के सुभाष बाजार में महागौरी को प्रसन्न करने के लिये भण्डारा का आयोजन किया गया। जहां नगर के कई इलाकों से सैकड़ों की संख्या में कन्याओं को खीर पूड़ी खिलाकर दान दक्षिणा दी गयी। गौरादेवी, काली देवी तथा देवी पंडालों में भी कन्या भोज के आयोजन किये जा रहे हैं। नव दिनों तक उपवास रहने वाली महिलाओं ने भी महागौरी की पूजा कर अपने घरों में कन्याओं को दही जलेबी खिलाकर आशीर्वाद लिया।
सुमेरपुर में महागौरी पूजन के साथ देवी पण्डालों में कन्या भोज के आयोजन कराये गये। अष्टमी का घर-घर में महागौरी का पूजन किया गया। महिलाओं ने अठवाई भरकर मां का पूजन अर्चन कर परिवार के लिये सुख समृद्धि की कामना की। इसी तरह कस्बा सहित ग्रामीण क्षेत्रों में देवी पण्डालों में कन्या भोज के आयोजन कराये गये। कस्बे में टाकीज मार्ग पर देवी पण्डाल में विशाल कन्या भोज का आयोजन कराया गया। पंचमढ़ी मंदिर, टेढ़ा, इंगोहटा, बिदोखर, कुण्डौरा, देवगांव, पंधरी आदि गांवों में भी विशाल कन्या भोज सम्पन्न कराकर महिलाओं ने मां महागौरी की पूजा अर्चना की। ऐतिहासिक चौरादेवी मंदिर के पुजारी महाराज सुरेश चन्द्र द्विवेदी ने बताया कि दुर्गा पूजा के आठवें दिन महागौरी की पूजा अर्चना की जाती है। महागौरी आदि शक्ति है इनके तेज से सम्पूर्ण विश्व प्रकाशमान होता है। इनकी शक्ति अमोघ फलदायिनी है। महागौरी की आराधना से भक्तों के सभी कष्ट दूर हो जाते हैं तथा देवी के भक्त जीवन में पवित्र और अक्षय पुण्यों का अधिकारी बनता हैं।