गांधीजी के विचार आज भी प्रासंगिक : योगी

मुख्यमंत्री ने गांधी-शास्त्री जयन्ती पर प्रदेशवासियों को दी बधाई

लखनऊ : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई दी है। अपने बधाई संदेश में उन्होंने कहा कि गांधी जी के विचार आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं जितने वे पहले थे। इन्हें अपनाने से पूरे विश्व में शान्ति और सद्भाव स्थापित होगा, जिसकी आज बहुत आवश्यकता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सत्य और अहिंसा के माध्यम से उनके नेतृत्व में चला भारतीय स्वाधीनता आन्दोलन विश्व के इतिहास में विलक्षण है। गांधी जी ने अपना पूरा जीवन देश और मानव सेवा में व्यतीत किया। चरखे, खादी और स्वदेशी के माध्यम से उन्होंने स्वावलम्बन और श्रम की गरिमा को रेखांकित किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का मानना था कि साफ-सफाई, ईश्वर की भक्ति के बराबर है। इसलिए उन्होंने लोगों को स्वच्छता बनाए रखने की शिक्षा दी। वर्तमान सरकार स्वच्छ भारत के उनके स्वप्न को साकार करने के लिए निरन्तर प्रयास कर रही है। इन प्रयासों के चलते पूरे देश में स्वच्छता के सम्बन्ध में हमें काफी सफलता मिली है। स्वच्छता से सम्बन्धित गांधी जी का दर्शन देश की समृद्धि का वास्तविक मार्ग हो सकता है। उनकी शिक्षा का अनुसरण ही उनके प्रति हम सभी की सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

भारत के विकास में लाल बहादुर शास्त्री का महत्वपूर्ण योगदान

मुख्यमंत्री ने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती को लेकर कहा कि भारत के विकास में लाल बहादुर शास्त्री का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। शास्त्री जी के नेतृत्व में भारत को जो सम्मान मिला वह पूरा विश्व जानता है। उनका मानना था कि किसान व जवान को सम्मान देकर ही सम्पूर्ण प्रभुत्व-सम्पन्न राष्ट्र की संकल्पना को साकार किया जा सकता है। उन्होंने ‘जय जवान जय किसान’ का लोकप्रिय नारा दिया। शास्त्री जी की सादगी व सत्यनिष्ठा हम सभी के लिए अनुकरणीय है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com