राष्ट्रपति के अभिभाषण पर जयंत चौधरी और बघेल बोले, ‘ देश के विकास की झलक दिखी’

केंद्रीय राज्य मंत्री जयंत चौधरी ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का अभिभाषण बहुत अच्छा था और उन्होंने सरकार के सभी बिंदुओं के बारे में भी बताया। उन्होंने सरकार की प्राथमिकता और देश के युवाओं के लिए सरकार द्वारा किए गए कामों का भी जिक्र किया है। इसके अलावा, पिछले 10 साल में देश के बुनियादी ढांचों को मजबूत करने के लिए जो काम हुआ है, उस पर बात की गई।

केंद्रीय पंचायती राज राज्य मंत्री एसपी सिंह बघेल ने कहा, राष्ट्रपति मुर्मू ने आज सरकार के एक साल का लेखा-जोखा देश के सामने प्रस्तुत किया है। उनके भाषण में देश के हर वर्ग के लाभान्वित होने की झलक मिलती है। चाहे वह किसान, व्यापारी, छात्रा, महिलाएं, अधिकारी या कर्मचारी हों। उन्होंने बताया कि पहले 12 करोड़ लोग खुले में शौच करते थे, लेकिन सरकार के प्रयासों से शौचालयों का निर्माण किया गया। 12 करोड़ प्रधानमंत्री आवास भी बनाए गए हैं, इसका आज राष्ट्रपति मुर्मू ने अपने अभिभाषण में जिक्र किया है।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अभिभाषण के साथ ही संसद का बजट सत्र आज से शुरू हो गया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने संसद के संयुक्त सत्र को संबोधित करते हुए आर्टिकल 370 से लेकर डिजिटल फ्रॉड तक का जिक्र किया।

राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि मेरी सरकार का मंत्र ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ है और इसी पर हम काम कर रहे हैं। राष्ट्र प्रथम की भावना से सरकार आगे बढ़ रही है।

संसदीय बुलेटिन के अनुसार, बजट सत्र दो चरणों में होगा। संसद के बजट सत्र का पहला भाग 31 जनवरी को शुरू होगा, 1 फरवरी को केंद्रीय बजट पेश किया जाएगा और 13 फरवरी को समाप्त होगा। बजट सत्र का दूसरा भाग 10 मार्च को शुरू होगा और 4 अप्रैल को समाप्त होगा।

 

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com