
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में हाल ही में कुल 16 प्रस्तावों के गठन को मंजूरी दी गई है। बैठक में यूपी इको टूरिज्म बोर्ड के गठन का निर्णय लिया गया है।
इसमें पर्यटन, वन, सिंचाई, उद्यान, जल, कृषि, ग्रामीण, आयुष, नगर विकास, परिवहन सहित 10 विभाग शामिल होंगे। इसके अध्यक्ष सूबे के मुख्यमंत्री होंगे जबकि संबंधित विभाग के मंत्री इसके सदस्य होंगे। मुख्य सचिव इसके सचिव होंगे। आईआरसीटीसी व पांच विशेषज्ञ भी इसके सदस्य होंगे। कैबिनेट की बैठक में लखनऊ के कुकरैल में नाइट सफारी के गठन को मंजूरी दी गई है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहले भी कह चुके हैं कि छुट्टियों पर आने वाले पर्यटकों में से 35 प्रतिशत पर्यटकों के ईको-हॉलिडे बुक करने की संभावना अधिक होती है। इससे ग्लोबल ईको टूरिज्म को बढ़ावा मिलता है। ईको टूरिज्म को गति देने के लिए पर्यटन, सिंचाई, वन, आयुष और ग्राम्य विकास आदि विभागों को एकजुट होकर प्रयास करना होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बोर्ड, पर्यटन व सांस्कृतिक विरासत मूल्यों का प्रचार-प्रसार, स्थानीय समुदायों की कौशल क्षमता का निर्माण, पर्यटकों के लिए यात्रा कार्यक्रम तैयार करना आदि काम करेगा। उन्होंने कहा कि ईको पर्यटन, वन्य जीव और अन्य वानिकी कार्यों में स्थानीय लोगों को शामिल किए जाने के लिए नेचर गाइड बेहतर विकल्प हो सकते हैं।
इसके लिए योग्य युवाओं का चयन कर इनका बेहतर प्रशिक्षण दिलाया जाए। वन्य जीवों की रिहाइश वाले जंगलों के बीच स्थित गांवों का समुचित व्यवस्थापन कराया जाए। इस कार्य में प्रभावित होने वाले लोगों की सहमति जरूर ली जाए।