
तमिलनाडु में रामेश्वरम में पम्बन ब्रिज पर भारत के पहले वर्टिकल लिफ्ट रेलवे सी ब्रिज का निर्माण कार्य प्रगति पर है और हाल ही में सूचना दी गई है कि 99 पुल की डाटों ( Girders) में से 65 को लांच किया जा चुका है ।
रेल मंत्रालय ने पिछले साल घोषणा की थी कि तमिलनाडु के मंडपम में नए 2.5 किलोमीटर लंबे पंबन रेलवे पुल का निर्माण कार्य 2022 तक पूरा हो जाएगा। ये ब्रिज रामेश्वरम को तमिलनाडु से जोड़ेगा।
यह भारत का पहला वर्टिकल लिफ्ट सी ब्रिज ( First vertical lift railway sea bridge) है। रेलवे विकास निगम (आरवीएनएल) द्वारा 250 करोड़ रुपये की लागत से इस समुद्री पुल का विकास किया जा रहा है।
इस परियोजना की आधारशिला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मार्च 2019 में कन्याकुमारी में रखी थी। इस पुल के बन जाने से भारतीय रेलवे तेज गति से ट्रेनों को संचालित कर पाएगी। यह पंबन और रामेश्वरम के बीच यातायात को भी बढ़ाएगा। इसमें 18.3 मीटर के 100 स्पैन और 63 मीटर का एक नेविगेशनल स्पैन होगा। मौजूदा पंबन रेल ब्रिज, जो रामेश्वरम को भारत की मुख्य भूमि से जोड़ता है, 105 साल पुराना है।