लखनऊ : सिटी मोन्टेसरी स्कूल, कानपुर रोड कैम्पस की मेधावी छात्रा रमा सिंह ने उच्चशिक्षा हेतु अमेरिका की बेलॅर टेक्सस यूनिवर्सिटी में 21,000 अमेरिकी डालर की स्कॉलरशिप के साथ चयनित होकर विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है। रमा को यह स्कॉलरशिप चार वर्षीय उच्चशिक्षा अवधि के दौरान प्रदान की जायेगी। सी.एम.एस. की इस मेधावी छात्रा ने अपनी लगन, प्रतिभा व शैक्षणिक उत्कृष्टता के दम पर यह उपलब्धि अर्जित की है। इस प्रतिभाशाली छात्रा ने अपनी सफलता का श्रेय अपने शिक्षकों व सी.एम.एस. के वातावरण को दिया है जिसके शान्तिपूर्ण वातावरण में उन्हें ज्ञान एवं प्रतिभा को विकसित करने का भरपूर अवसर मिला। सी.एम.एस. के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी हरि ओम शर्मा ने बताया कि इस वर्ष अभी तक सी.एम.एस. के 80 छात्र अमेरिका, इंग्लैण्ड, कैनडा, ऑस्ट्रेलिया, जापान, सिंगापुर, जर्मनी आदि विभिन्न देशों के ख्यातिप्राप्त विश्वविद्यालयों में चयनित हो चुके हैं, जिनमें से अधिकतर को स्कॉलरशिप प्राप्त हुई है। श्री शर्मा ने आगे कहा कि सी.एम.एस. छात्रों के दृष्टिकोण व्यापक बनाने व उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित करने हेतु सदैव प्रयासरत है और इसी कड़ी में छात्रों को भारत में एवं विदेशों में उच्चशिक्षा प्राप्त करने का अवसर प्रदान कर रहा है।