शादी ‘तीन शब्दों’ का नहीं, सात जन्मों का बंधन : एसपी सिंह बघेल

तीन तलाक पर योगी के मंत्री बोले, महिलाओं के सम्मान के लिए तीन तलाक का बिल जरूरी

लखनऊ : यूपी सरकार में पशुधन, लघु सिंचाई एवं मत्स्य विभाग के मंत्री एसपी सिंह बघेल ने कहा कि शादी सात जन्मों का बंधन है, इसे तीन शब्दों से तोड़ा नहीं जा सकता। महिलाओं के सम्मान के लिए तीन तलाक का बिल जरूरी है। एसपी सिंह बघेल ने गुरुवार को गिरिराज जी की परिक्रमा की। उन्होंने अपनी परिक्रमा को निराश्रित, बेसहारा गायों के पुनर्वास के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए समर्पित किया। इस दौरान उन्होंने आन्यौर में पत्रकारों से बातचीत की। हनुमान जी को लेकर बयानबाजी पर उन्होंने कहा कि ईश्वर को जाति बंधन में बांधना ठीक नहीं है। ईश्वर सर्वव्यापी जगत का कल्याण करने वाला है। वहीं तीन तलाक पर उन्होंने कहा कि शादी जैसे बंधन को तीन शब्दों में खत्म कर देना संविधान के खिलाफ है।

राम मंदिर मुद्दे पर एसपी सिंह बघेल ने कहा कि न्यायपालिका देश की आवाज को सुनेगी और जल्द ही अयोध्या में भगवान राम का मंदिर बनेगा। उन्होंने कहा कि जब महापुरुषों की मूर्ति लग सकती है तो भगवान राम के जन्मस्थान पर राम मंदिर क्यों नहीं बन सकता है। यह दूसरे पक्ष को सोचना होगा। गाय की दुर्दशा पर योगी के मंत्री ने कहा कि सरकार ने विदेशी तकनीक के जरिये वर्गीकृत सीमेंस से गाय का कृत्रिम गर्भाधान रखा है। यह तकनीक चार से पांच महीने में आ जाएगी। इससे 92 प्रतिशत गाय के बछिया पैदा होगी। इससे पूर्व कैबिनेट मंत्री ने परिक्रमा कर गिरिराज दानघाटी मंदिर में गिरिराज प्रभु के दर्शन किये। कनक भवन में उनका स्वागत किया गया। इस दौरान भाजपा के तमाम नेता मौजूद रहे।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com