वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने कहा है कि भाजपा को नाथूराम गोडसे पर अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए। भाजपा बताए कि वह गोडसे को राष्ट्रवादी मानती है या बापू का हत्यारा। सिंह ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह को पार्टी का ‘स्टैंड’ स्पष्ट करना चाहिए।

शनिवार को ग्वालियर में मीडिया से बातचीत में दिग्विजय सिंह ने कहा कि भाजपा की विचारधारा गांधी के बिल्कुल विपरीत है। भाजपा नेता महात्मा गांधी की 150वीं जयंती पर संकल्प यात्रा निकाल रहे हैं, लेकिन वे पहले यह तो स्पष्ट करें कि गोडसे देशभक्त था या नहीं।
मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री सिंह ने कहा कि 1970-71 में संघ के कुशाभाऊ ठाकरे और विजयाराजे सिंधिया ने जनसंघ में शामिल होने की पेशकश की थी, लेकिन वह शामिल नहीं हुए। कारण कि वह गांधी को मानते हैं।