पिथौरागढ़ और बागेश्वर में गिरे ओले, मुनस्यारी में हुई बर्फबारी

पिथौरागढ़ मुख्यालय में ओलों की बरसात और मुनस्यारी में बर्फबारी से एक बार फिर तापमान में गिरावट आ गई है। सोमवार शाम मुख्यालय सहित ऊंचाई वाले इलाकों में ओलावृष्टि शुरू हो गई। इधर, मुनस्यारी में सोमवार को उच्च हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी और निचले इलाकों में बारिश शुरू हो गई। शाम होते होते मुनस्यारी बाजार में भी बर्फबारी गिरने का सिलसिला जारी हो गया। बर्फबारी से एक बार फिर तापमान में गिरावट आ गई है। मुनस्यारी का न्यूनतम तापमान -2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

चंपावत जिला मुख्यालय में सोमवार को ओलावृष्टि ने मौसम में ठंडक बढ़ा दी। ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान हुआ है। सोमवार को चंपावत का न्यूनतम तापमान तीन और अधिकतम 17 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। उधर, बागेश्वर जिले की लाहूर घाटी में सोमवार को जमकर ओलावृष्टि हुई। इससे ठंड में तो इजाफा हुआ ही है, सब्जियों को काफी नुकसान पहुंचा है। कपकोट के लाहूर, मिखिला खलपट्टा, सूपी, तरसाल, पतियासार, झूनी व खलझूनी में दोपहर बाद तेज ओलावृष्टि हुई।

मुनस्यारी के 50 से अधिक गांव में 30 घंटों से बिजली गुल
मुनस्यारी क्षेत्र के 50 से अधिक गांव पिछले 30 घंटों से अंधेरे में रात बिताने को मजबूर हैं। बिजली नहीं होने के कारण ग्रामीणों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इससे क्षेत्र की लगभग 20 हजार की आबादी प्रभावित हो रही है। दो दिन पूर्व बर्फबारी और बारिश के कारण मुनस्यारी के अधिकांश हिस्सों में बिजली गुल हो गई थी। 30 घंटे बीतने को हैं, लेकिन अभी तक व्यवस्था सुचारू नहीं की जा सकी है। इससे यहां के लोगों में आक्रोश है। लोगों का कहना है कि बोर्ड परीक्षाएं नजदीक हैं। बिजली नहीं होने से बच्चों की पढ़ाई पर विपरीत असर पड़ रहा है।

आज से बारिश के साथ ओले गिरने की संभावना
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में उत्तराखंड के अधिकांश क्षेत्रों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दो दिनों में नैनीताल जिले में भारी बारिश और ऊधमसिंह नगर सहित सात जिलों में ओलावृष्टि की संभावना है।  देहरादून स्थित राज्य मौसम केंद्र के निदेशक डॉ. बिक्रम सिंह ने 26 फरवरी की रात से उत्तराखंड के सात जिलों में अलग-अलग स्थानों पर ओलावृष्टि के साथ भारी बारिश होने का अलर्ट जारी किया है। उन्होंने पर्वतीय इलाकों में प्रशासन की ओर से सतर्कता बरतने की चेतावनी भी जारी की है। सोमवार को शहर का अधिकतम तापमान 22.7 और न्यूनतम तापमान 7.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो कि सामान्य से दो डिग्री कम रहा।

केदारनाथ और औली में बर्फबारी से ठंडक बढ़ी
सोमवार को केदारनाथ में दिनभर रुक-रुककर बर्फबारी हुई। धाम में एक फीट नई बर्फ गिरी है। इधर इससे लगी अन्य पहाड़ियों में भी हिमपात हुआ है। जबकि निचले क्षेत्रों में दोपहर बाद बारिश हुई। इसके साथ ही औली और जोशीमठ में भी बर्फबारी होने से ठंड बढ़ गई है। मौसम में आए बदलाव के चलते सोमवार को केदारनाथ सहित मद्महेश्वर, तुंगनाथ, हरियाली डांडा सहित अन्य कई ऊंची पहाड़ियों में हिमपात हुआ है। जबकि मुख्यालय सहित जिले के अनेक स्थानों में बारिश हुई है। केदारनाथ में बर्फबारी के बाद ठंड बढ़ गई है। केदारनाथ में कैप्टन सोबन सिंह बिष्ट ने बताया कि रुक-रुककर बर्फबारी होने से मौसम ठंडा हो गया है। अभी भी पुर्ननिर्माण कार्य बंद पड़े हैं।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com