बुआ-बबुआ न भाभी अबकी बार चाभी : शमी वोहरा

प्रसपा प्रदेश अध्यक्ष का जिले में प्रथम आगमन पर भव्य स्वागत

शाहजहांपुर : प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष शमी वोहरा के जिले में प्रथम आगमन पर गुरुवार को पार्टी कार्यालय पर जिलाध्यक्ष अग्निवेश समाजवादी के नेतृत्व में जोरदार स्वागत किया गया। इस अवसर पर शमी वोहरा ने बृहस्पतिवार को सपा-बसपा व भाजपा पर जमकर हमला बोला। वोहरा ने कहा इस बार बुआ-बबुआ न भाभी, अबकी बार ‘चाभी ’ यही हमारी पार्टी का नारा है। पार्टी कार्यालय में शमी वोहरा ने कहा कि लगातार हम लोग मन की बात सुनते चले आ रहे हैं लेकिन मन की बात पूरी हुई नहींं। खाते में न तो 15 लाख रूपये आये और न ही बेरोजगारों को रोजगार मिला। इस बार हम मन की बात कहेंगे। उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी और यूपी की योगी सरकार से जनता परेशान हो चुकी है। दोनों सरकारों ने अपना कोई भी वादा अब तक पूरा नहीं किया है। न तो युवाओं को रोजगार मिला, न ही किसानों को पूरा कर्ज माफ हुआ। यूपी में कानून व्यवस्था की हालत भी बेहद खराब है।

जिला अध्यक्ष अग्निवेश समाजवादी ने कहा कि फरवरी को किसानों की समस्याओं , अतिक्रमण, सरकार की दमनकारी नीतियों के खिलाफ सड़क पर उतरना है और आंदोलन करना है। अगर जनहित के लिए हम लोगों को जेल भी जाना पड़े तो पीछे नहींं हटेंगे। हम लोग प्रगति लाकर दिखाएंगे। महिला सभा की जिला अध्यक्ष ऋचा सक्सेना ने कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार चरम सीमा पर है। आज जनता को योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। सरकार को आइना दिखाने के लिए 6 फरवरी को विशाल जनाक्रोश रैली का आयोजन किया जायेगा और समस्याओं को लेकर जिलाधिकारी को ज्ञापन भी सौंपा जायेगा।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com