सत्ता का दुरुपयोग कर रही है महाविकास आघाड़ी सरकार: चंद्रकांत पाटिल

सत्ता का दुरुपयोग कर रही है महाविकास आघाड़ी सरकार: चंद्रकांत पाटिल

मुंबई। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल ने कहा कि महाविकास आघाड़ी सरकार केंद्रीय उद्योगमंत्री नारायण राणे के महज एक वाक्य को लेकर सत्ता का दुरुपयोग करते हुए मामला दर्ज कर रही है। उन्होंने कहा कि नारायण राणे पर दर्ज मामलों की वजह से भाजपा की जन आशीर्वाद यात्रा स्थगित नहीं की जाएगी। महाविकास आघाड़ी की ओर से की गई कार्रवाई का कोर्ट में जवाब दिया जाएगा।

चंद्रकांत पाटिल ने मंगलवार को पत्रकारों को बताया कि भाजपा नारायण राणे के वक्तव्य का समर्थन नहीं करती है। सभी को संतुलित और शब्दों को संभालकर बोलना ही चाहिए। चंद्रकांत पाटिल ने कहा कि दरअसल, नारायण राणे कई वर्षों तक शिवसेना में रहे हैं, इसी वजह से उन्होंने ठाकरी भाषा में यह वक्तव्य दिया है। इसी तरह का वक्तव्य खुद उद्धव ठाकरे ने दादर स्थित शिवाजी पार्क पर आयोजित दशहरा सम्मेलन में कई बार दिया है।

चंद्रकांत पाटिल ने कहा कि नारायण राणे ने यह नहीं कहा है कि वे मुख्यमंत्री को मारेंगे, उन्होंने (राणे ने ) कहा है कि वे उस जगह रहते तो मारते । इसमें किसी भी तरह की धमकी नहीं है। इसलिए वे इस मामले में कोर्ट में लड़ाई लडऩे वाले हैं। चंद्रकांत पाटिल ने कहा कि नारायण राणे ने देश का अपमान करने वालों को ठाकरी भाषा में जवाब दिया है। यह कोई बड़ा मामला नहीं है, लेकिन भाजपा की जन आशीर्वाद यात्रा में जमा होने वाली भीड़ को देखकर महाविकास आघाड़ी सरकार घबरा गई है। इसी वजह से महाविकास आघाड़ी सरकार की ओर से राजनीतिक बदला लेने की भावना से काम किया जा रहा है। चंद्रकांत पाटिल ने कहा कि राज्य में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी राज्य सरकार की है। लेकिन नारायण राणे को गिरफ्तार किया गया तो भाजपा अपनी भूमिका तय करेगी।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com