असम-मिजोरम सीमा विवादः हमले में घायल पुलिस कर्मियों से मिलने पहुंचे सीएम

कछार। असम-मिजोरम अंतरराज्यीय सीमा विवाद के चलते हमले में घायल असम पुलिस कर्मियों का हालचाल जानने के लिए असम के मुख्यमंत्री मंगलवार की सुबह कछार जिला मुख्यालय शहर स्थित सिलचर मेडिकल कालेज अस्पताल पहुंचे। मुख्यमंत्री घायल पुलिस कर्मियों से मिलकर उनका हौसला बढ़ाते हुए राज्य सरकार की ओर से हर संभव मदद का उन्होंने आश्वासन दिया। साथ ही सिलचर मेडिकल कालेज अस्पताल के चिकित्सकों से पुलिस कर्मियों का बेहतर से बेहतर इलाज करने का निर्देश दिया।

उल्लेखनीय है कि सीमा विवाद के चलते असम के अधिकारी, पुलिस कर्मियों के साथ ही आम नागरिकों पर मिजोरम के स्थानीय उपद्रवियों ने मिजोरम पुलिस की मदद से हमला कर दिया। ज्ञात हो कि असम सरकार के अधिकारी मिजोरम के अपने समकक्षों से बातचीत करने के लिए सोमवार को गये थे। इसी दौरान उन पर हमला किया गया।

असम के मुख्यमंत्री डॉ हिमंत बिस्व सरमा ने साफतौर पर कहा है कि सुनियोजित तरीके से असम के अधिकारियों व पुलिस कर्मियों पर हमला किया गया। इतना ही नहीं मिजोरम पुलिस ने एलएमजी से गोलीबारी की, जो बेहद दुर्भाग्यजनक है।

इस मामले में बीती रात केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने दोनों राज्यों के मुख्यमंत्रियों से टेलीफोन पर बातचीत कर विवाद वाले इलाके से दोनों राज्यों की पुलिस को पीछे हटाने के लिए मना लिया था। साथ ही इलाके में केंद्रीय पुलिस बल सीआरपीएफ को तैनात कर दिया गया।

इलाके में तैनात सीआरपीएफ की ओर से केंद्र सरकार को एक रिपोर्ट सौंपी गयी है, जिसमें यह कहा गया है कि मिजोरम के कोलासिब जिला के पुलिस अधीक्षक पर घटना के लिए एक तरह से जिम्मेदार ठहराया गया है। केंद्र सरकार इस मामले में क्या कदम उठाता है, यह देखना होगा। दोनों राज्यों में भारी तनाव व्याप्त है, जो इलाके की शांति व्यवस्था के लिए बेहद खतरनाक है।

असम-मिजोरम के सीमा से लगे असम के तीन जिलों कछार, करीमगंज और हैलाकांदी में काफी समय से विवाद चल रहा है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com