विश्व कल्याण के लिए क्वाड गठबंधन : प्रधानमंत्री मोदी

विश्व कल्याण के लिए क्वाड गठबंधन : प्रधानमंत्री मोदी

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि चार लोकतांत्रिक देशों का मंच क्वाड विश्व कल्याण के लिए कार्यरत है। क्वाड के जरिए हिन्द-प्रशांत क्षेत्र ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया में शांति, समृद्धि और प्रसिद्धि का मार्ग प्रशस्त होगा।

मोदी ने भारत सहित अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया और जापान की भागीदारी वाले मंच क्वाड की पहली प्रत्यक्ष शिखर वार्ता में शुक्रवार को शिरकत की। इसमें चारों देशों के नेता आमने-सामने उपस्थित थे। इसके पहले मार्च में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए क्वाड शिखर वार्ता हुई थी।

अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन की ओर से व्हाइट हाउस में आयोजित इस शिखर वार्ता में मोदी के अलावा ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री स्कॉट मॉरीसन और जापान के प्रधानमंत्री योशिहिदे सुगा ने भाग लिया। क्वाड वार्ता की शुरुआत में मोदी ने कहा कि वर्ष 2004 में सुनामी आपदा का सामना करने के लिए चारों देश एक साथ आए थे। आज जब पूरी दुनिया कोरोना महामारी का मुकाबला कर रही है, ऐसे में क्वाड वैक्सीन उत्पादन के जरिए हिंद-प्रशांत क्षेत्र के देशों की मदद के लिए आगे आया है।

उन्होंने कहा कि क्वाड के सदस्य देश समान लोकतांत्रिक मूल्यों पर आधारित सकारात्मक सोच और लक्ष्य के साथ काम कर रहे हैं। मोदी ने कहा कि आज की शिखर वार्ता में चारों नेताओं ने आपूर्ति श्रृंखला, विश्व सुरक्षा, जलवायु परिवर्तन संबंधी सक्रियता और कोविड महामारी का मुकाबला करने के उपाय के साथ ही तकनीकी क्षेत्र में सहयोग करेंगे।

शिखरवार्ता में अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने कहा कि क्वाड मंच लोकतांत्रिक देशों की भागीदारी से बना समूह है जिसकी भविष्य के बारे में एक समान विश्व दृष्टि है। यह दुनिया में चुनौतियों का सामना करने के लिए एक साझा पहल है। उन्होंने क्वाड मंच के लगातार मजबूत होने का भी उल्लेख किया।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com